19.2 C
Dehradun, IN
November 5, 2026
Pahadi Samachar
उत्तराखंड

थराली में 300 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, चारों युवक सुरक्षित; एक घायल

हरियाणा के गुड़गांव निवासी थे वाहन सवार युवक, ग्रामीणों की मदद से पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

चमोली/थराली। सिमली-ग्वालदम मोटर मार्ग पर गुरुवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाला गधेरे के समीप हरियाणा नंबर की एक बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त वाहन में चार युवक सवार थे। गनीमत रही कि बोलेरो के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बावजूद चारों युवकों की जान बच गई। हादसे में एक युवक को कमर में हल्की चोट आई है, जबकि अन्य तीन सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, हरियाणा नंबर की बोलेरो ग्वालदम से कर्णप्रयाग की ओर जा रही थी। गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे थाला गधेरे के पास चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बोलेरो सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा तहसील प्रशासन को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से खाई में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया।

वाहन में सवार युवकों की पहचान तनिष्क (21) पुत्र अजय सिंह, लोकेश पवार (20) पुत्र नंदकिशोर, सुभाष (20) पुत्र किशन सिंह और यश राधव (21) पुत्र हरविंदर, सभी निवासी गुड़गांव, हरियाणा के रूप में हुई है।

ग्वालदम चौकी प्रभारी लक्ष्मण नेगी ने बताया कि दुर्घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से चारों युवकों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। एक युवक को कमर में हल्की चोट आई है, जबकि अन्य तीन को कोई गंभीर चोट नहीं है। उन्होंने बताया कि हादसे में बोलेरो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

Related posts

अहमदाबाद की धनगौरी बरोलिया ने सीएम धामी को भावुक पत्र के साथ भेजी राखी

Pahadi Samachar

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं

Pahadi Samachar

देहरादून में महिला जज से अभद्रता और अपहरण की कोशिश का आरोप, रैपिडो चालक पर मुकदमा

Pahadi Samachar

Leave a Comment