16.6 C
Dehradun, IN
October 22, 2026
Pahadi Samachar
उत्तराखंड

महिला दरोगा को थप्पड़ मारने के आरोपी सिपाही अनिल गिरि निलंबित, छह धाराओं में मुकदमा दर्ज

फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप, महिला सीओ अंजना नेगी को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी कोतवाली में महिला दरोगा के साथ मारपीट और अभद्रता करने के आरोपी सिपाही अनिल गिरि को निलंबित कर दिया गया है। महिला दरोगा की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ छह धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने जांच तेज कर दी है। इसकी जिम्मेदारी महिला सीओ अंजना नेगी को सौंपी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला दरोगा ने आरोप लगाया है कि 10 अक्टूबर को सिपाही अनिल गिरि ने फोन पर उनके साथ गाली-गलौज की और काशीपुर निवासी उनके पति तथा बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। इसके अगले दिन, 11 अक्टूबर को महिला दरोगा की परीक्षा ड्यूटी लगी थी। आरोप है कि सुबह करीब छह बजे सिपाही ने उन्हें फोन कर दोबारा जान से मारने की धमकी दी।

महिला दरोगा के मुताबिक, अपनी सुरक्षा के लिए वह हल्द्वानी कोतवाली पहुंचीं। आरोप है कि कोतवाली परिसर में सिपाही ने पहले उनका मोबाइल फोन छीन लिया और फिर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। खुद को बचाने के लिए महिला दरोगा सीसीटीएनएस कक्ष की ओर चली गईं, जहां पहले से दो पुलिसकर्मी मौजूद थे। आरोप है कि सिपाही वहां भी पहुंच गया और उनकी वर्दी पकड़कर मारपीट करने लगा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।

घटना के बाद महिला दरोगा ने एसएसपी से लिखित, मौखिक और व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उसे निलंबित कर दिया।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

एसएसपी नैनीताल मंजुनाथ टीसी के अनुसार, मामले में छह धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया गया है और संबंधित जांच अधिकारी से जल्द से जल्द जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

वन्यजीव सप्ताह-2026 का शुभारंभ: सीएम धामी ने वन्यजीव संघर्ष में साहस दिखाने वाले 18 लोगों को ₹51-₹51 हजार देने की घोषणा की

Pahadi Samachar

श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में नव मधुबन आश्रम में ‘स्वच्छ गंगा, स्वच्छ ऋषिकेश’ मैराथन का भव्य आयोजन, 450 बच्चों ने लिया हिस्सा

Pahadi Samachar

अंकिता भंडारी हत्याकांड: वीवीआईपी की भूमिका की जांच की मांग को लेकर लोकभवन के बाहर धरने पर बैठे कांग्रेस नेता, हिरासत में लिए गए

Pahadi Samachar

Leave a Comment