डोईवाला (देहरादून)।
उत्तराखंड में जनहित के मुद्दों और अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर 30 अक्टूबर को डोईवाला में ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ निकाली जाएगी। कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह के नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस यात्रा में पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला सहित कई प्रमुख नेता शामिल होंगे।
यात्रा की तैयारियों और इसे सफल बनाने के उद्देश्य से रविवार को परवादून जिला कांग्रेस कार्यालय, डोईवाला में जिला कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में यात्रा की रूपरेखा तैयार की गई और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
30 अक्टूबर को सुबह 10 बजे ब्लॉक परिसर से शुरू होगी यात्रा
परवादून कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने बताया कि यह न्याय यात्रा जनहित और प्रदेश के मुख्य मुद्दों को लेकर निकाली जा रही है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम जनता से 30 अक्टूबर को प्रातः 10:00 बजे डोईवाला ब्लॉक परिसर से शुरू होने वाली इस यात्रा में भारी संख्या में शामिल होने की अपील की।
अंकिता भंडारी का मामला पूरे उत्तराखंड की भावना से जुड़ा: कांग्रेस
बैठक के दौरान डोईवाला नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी एवं ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र स्वरूप भट्ट ने स्पष्ट किया कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की जनता के स्वाभिमान और भावनाओं से जुड़ा विषय है।
बैठक में ये प्रमुख नेता रहे मौजूद
बैठक में परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, कांग्रेस प्रदेश महासचिव अश्वनी बहुगुणा, नीरज त्यागी, नगर अध्यक्ष करतार नेगी, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र स्वरूप भट्ट, मनोज नौटियाल, इंद्रजीत सिंह, उमेद बोरा, जीतेन्द्र कुमार, राजेंद्र सिंह बिष्ट, आरिफ अली, सरजीत सिंह, राहुल सैनी, स्वतंत्र बिष्ट, राहुल मनवाल, भारत भूषण कौशल, देवराज सिंह सावन, सुनील कुमार बर्मन, प्रवीण कुमार सैनी, मोहित कपूर्वाण, जावेद अली, गुड्डू पंवार और राहुल आर्य सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
