डोईवाला: गढ़ूल पंचायत के अंतर्गत इठारना मार्ग पर घनगढ़ के पास प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) द्वारा लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण और डामरीकरण का कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी खुशी का माहौल है।
हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मीडिया सलाहकार एवं राज्य मंत्री धीरेंद्र पवार ने मौके पर पहुंचकर सड़क के डामरीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पीएमजीएसवाई (PMGSY) के अधिकारी विनय बोरा भी मौजूद रहे। अधिकारी विनय बोरा ने जानकारी दी कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है और सभी तय मानकों के अनुरूप ही डामरीकरण का कार्य कराया जा रहा है।
गौरतलब है कि क्षेत्रवासी लंबे समय से इस सड़क के निर्माण की मांग कर रहे थे। निर्माण कार्य में हो रही देरी से असंतुष्ट होकर ग्रामीणों ने पूर्व में ‘सड़क नहीं तो वोट नहीं’ का ऐलान कर दिया था। हालांकि, अब काम शुरू हो जाने पर ग्रामीणों ने अपना विरोध का निर्णय वापस ले लिया है।
सड़क निर्माण शुरू होने पर ग्राम प्रधान स्वीटी रावत और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि धर्मेंद्र रावत समेत सभी ग्रामीणों ने राज्य मंत्री धीरेंद्र पवार, क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला और प्रदेश सरकार का आभार व धन्यवाद व्यक्त किया।
