राष्ट्रीय एकता दिवस पर डोईवाला कोतवाली में रक्तदान शिविर आयोजित, पुलिस बल और नागरिकों ने ली एकता की शपथ
डोईवाला (देहरादून)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के अवसर पर शनिवार को कोतवाली डोईवाला परिसर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के दिशा-निर्देशों के तहत विभिन्न सामाजिक व राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया।
देश की एकता और सामाजिक सरोकारों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कोतवाली परिसर में नि:शुल्क रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
कार्यक्रम के दौरान भारत के माननीय प्रधानमंत्री के विशेष संबोधन का बड़ी स्क्रीन पर लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। इस सजीव प्रसारण को देखने और सुनने के लिए क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, स्थानीय निवासियों और पुलिस बल की भारी उपस्थिति रही।
प्रभारी निरीक्षक व वरिष्ठ उपनिरीक्षक डोईवाला के कुशल संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों पर चलने तथा देश की अखंडता और सुरक्षा को अक्षुण्ण रखने की शपथ दिलाई गई।
